सिवनी। गर्मी की शुरुआत के साथ संभावित पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिका में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने की। इसमें पार्षदों और अधिकारियों के साथ शहर में पेयजल आपूर्ति बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई और कई अहम निर्णय लिए गए।
भीमगढ़ डैम से होती है सिवनी शहर की पानी सप्लाई
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सिवनी शहर में पेयजल आपूर्ति मुख्य रूप से भीमगढ़ जलाशय (डैम) से की जाती है। इसके अलावा एलएनटी कंपनी द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 216 गांवों में भी इसी जल स्रोत से पानी सप्लाई किया जा रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ डैम का जलस्तर लगातार कम हो रहा है, जिससे आने वाले समय में पानी की समस्या बढ़ने की आशंका जताई गई।
अवैध मोटर पंपों की होगी जप्ती
बैठक में जानकारी दी गई कि भीमगढ़ डैम में अवैध मोटर पंपों का उपयोग बढ़ गया है, जिससे पानी का स्तर तेजी से गिर रहा है। इस पर नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध मोटर पंपों की जप्ती और चालानी कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
साथ ही शहर में पानी सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खराब टैंकरों की होगी मरम्मत, जरूरत पर टैंकर से सप्लाई
नगर पालिका अध्यक्ष ने जलप्रदाय प्रभारी को निर्देश दिए कि खराब पड़े पानी के टैंकरों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार वार्डों में नए बोर भी करवाए जाएंगे।
यदि गर्मी के दौरान किसी वार्ड में पानी की समस्या आती है, तो टैंकरों के माध्यम से पानी वितरण किया जाएगा। वहीं गांधी भवन पंप को सुबह 7 बजे से चालू करने का भी निर्णय लिया गया।
सार्वजनिक कुओं की सफाई और प्याऊ खोलने के निर्देश
बैठक में शहर के सार्वजनिक कुओं और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए शहर में सार्वजनिक प्याऊ खोलने का भी फैसला लिया गया।
इसके अलावा बबरिया तालाब के गहरीकरण का निर्णय भी लिया गया, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
14 मार्च को होगा भीमगढ़ डैम का निरीक्षण
नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद और अधिकारी 14 मार्च 2026 को भीमगढ़ डैम पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री, आयुक्त, सांसद, विधायक और कलेक्टर को पत्र के माध्यम से भेज दी गई है।
बैठक में पार्षद रविशंकर गुड्डा भांगरे, गोविंदी रवि सैयाम, जीतू तरुण श्रीवास, अनुसुईया अनिल पटवा, साक्षी डागोरिया, चंदन खताबिया, राजेश राजू यादव, संजय भलावी, सीएमओ विशाल सिंह मस्कोले, सहायक यंत्री देवेश्वरी धुर्वे सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





