1.5 किमी कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग, जागरूक नागरिकों ने विधायक से भेंट कर सौंपा ज्ञापन
सिवनी। ग्राम हिवरा से सरगापुर होते हुए ढैंकी को जोड़ने वाले करीब 1.5 किलोमीटर कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग को लेकर हिवरा के जागरूक नागरिक रामकुमार बघेल सहित अन्य ग्रामीणों एवं किसानों ने विधायक को आवेदन सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग हिवरा एवं सरगापुर सहित आसपास के किसानों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के दोनों ओर खेत होने से किसानों को ट्रैक्टर, थ्रेसर एवं अन्य कृषि उपकरण खेतों तक ले जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है।
वर्तमान में सड़क पूरी तरह कच्ची होने के कारण बारिश के दिनों में कीचड़ और गहरे गड्ढों से आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। किसानों को फसल खेत से घर अथवा मंडी तक लाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों का आवागमन भी प्रभावित होता है।
ग्रामीणों ने विधायक से मांग की है कि 1.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना (मनरेगा) अथवा ग्रामीण विकास विभाग की किसी उपयुक्त योजना में शामिल कर पक्का सड़क निर्माण कराया जाए।
आवेदन के साथ सड़क की वर्तमान स्थिति के फोटो तथा प्रभावित ग्रामीणों एवं किसानों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि मार्ग का निर्माण होने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।


