सिवनी में आयुष पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार 28 फरवरी 2026 को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयुष विंग सिवनी में निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर संचालनालय आयुष भोपाल, मध्यप्रदेश के निर्देशन तथा जिला कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशवंत माथुर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में डॉ. निधि खेमुका द्वारा 103 बच्चों को स्वर्णप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में डॉ. वंदना रजक, सुनील एडे, सीमा धुर्वे, प्रीति अगासे सहित समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
आयुर्वेद में स्वर्णप्राशन को एक महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है। यह औषधि 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों को दी जाती है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और शारीरिक व मानसिक विकास में सहायता मिलती है।
आयुष विभाग द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।


