सिवनी में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: सिमरिया पुल से नीचे गिरे डंपर और कार, 1 की मौत, 8 घायल
Seoni जिले में National Highway 44 पर लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिमरिया पुल के पास शुक्रवार (27 फरवरी) शाम लगभग 4 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ईंटों से भरे डंपर और फार्च्यूनर कार की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहन पुल से करीब 20 फीट नीचे जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, कार जैसे ही पुल के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ओवरटेक के दौरान लापरवाही से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में डंपर सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों में 6 मजदूर और 2 कार सवार शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे की एंबुलेंस और राहत-बचाव दल को घटनास्थल पर पहुंचने में देरी हुई। सूचना मिलते ही लखनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य संभाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों ने सिमरिया पुल पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।





