पंजीयन में आ रही तकनीकी समस्याओं को समझा, किसानों से सीधे संवाद कर सुनी परेशानियां
सिवनी। धान पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र कुमार खोबरिया ने सोमवार को जिले के विभिन्न धान पंजीयन केंद्रों का सतत निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पंजीयन के दौरान सामने आ रही तकनीकी समस्याओं की बारीकी से जानकारी ली।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने कातलबोड़ी (लखनवाड़ा), भाटीवाड़ा (मड़वा) सहित अन्य पंजीयन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपस्थित कर्मचारियों से पंजीयन की स्थिति और आ रही परेशानियों के संबंध में जानकारी ली।
अधिकारी ने केंद्रों पर पहुंचे किसानों के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद किया और पंजीयन प्रक्रिया से संबंधित उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को पंजीयन कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता विभाग के दिलीप डहेरिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पंजीयन केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसानों की सुविधा और पंजीयन कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।


