सिवनी। पत्र सूचना कार्यालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भोपाल द्वारा सिवनी में एक दिवसीय मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके प्रभाव पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिनेश राय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को मिला है। उन्होंने बताया कि सड़क, बिजली, सिंचाई और कृषि जैसे क्षेत्रों में काफी सुधार हुआ है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले सिवनी से भोपाल की यात्रा कठिन और लंबी होती थी, लेकिन अब अच्छी सड़कों के कारण यह सफर आसान और कम समय में पूरा हो जाता है।
सांसद प्रतिनिधि पीयूष दुबे ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं को प्रदेश में प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है, जिससे आम लोगों का जीवन आसान हो रहा है।
कलेक्टर शीतला पटले ने मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने में मीडिया का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया मिलकर काम करें तो योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन आगे भी मीडिया के सहयोग से सरकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण जानकारियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।





