सिवनी। शहर के किनारे स्थित मरझोर क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां उदय लॉन के पीछे श्रीवास्तव परिवार के खेत में लगी लगभग 8 एकड़ गेहूं की फसल आग लगने से जलकर पूरी तरह राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत की जमीन श्रीवास्तव परिवार की है, जिसे एक व्यक्ति द्वारा ठेके (बटाई) पर लिया गया था। इस आगजनी की घटना में सबसे ज्यादा नुकसान बटाईदार को हुआ है, जिसने पूरी मेहनत से फसल तैयार की थी।
आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पक्षियों के विद्युत तारों से टकराने के कारण निकली चिंगारी से आग लगी, जबकि अन्य के अनुसार बिजली वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़की। फिलहाल, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
गौरतलब है कि इस समय पूरे जिले में गेहूं की फसल पककर तैयार है। ऐसे में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।





