सिवनी : नगर के उपनगरीय क्षेत्र भैरोगंज अंतर्गत आने वाले परतापुर रोड सहित पृथ्वीराज चौहान वार्ड और महामाया वार्ड के रहवासी बीते 7 दिनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। हालात यह हैं कि नलों में एक बूंद पानी तक नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि नल चालक की मनमानी के चलते नियमित जल आपूर्ति बाधित हो रही है। पहले यह जिम्मेदारी प्रदीप यादव के पास थी, जिसे अब सलीम खान को सौंपा गया है, लेकिन बदलाव के बाद भी व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिला है। लोगों का कहना है कि नल चालक अपने परिचितों और चहेते लोगों को प्राथमिकता देते हुए पहले पानी उपलब्ध कराते हैं, जबकि अन्य रहवासी घंटों इंतजार करने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। जल संकट को लेकर नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के इस दौर में जल आपूर्ति बाधित होने से आमजन का जीवन संकट में पड़ गया है। रहवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल आपूर्ति बहाल करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।





