सिवनी: शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुंदर, स्वच्छ सिवनी के निर्माण के उद्देश्य से करीब 107 करोड़ रुपए की लागत से खैरी टेक से नंगझर तक बनाई जा रही मॉडल फोरलेन सड़क अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही इसमें गंभीर तकनीकी खामियां सामने आने लगी हैं, जिससे आम जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
बेस मजबूत किए बिना लगाए जा रहे गट्टू
शहर के भीतर सड़क के दोनों ओर सीमेंट के गट्टू (ब्लॉक) लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह काम बिना मजबूत बेस तैयार किए किया जा रहा है। सामान्य तौर पर किसी भी पक्की सड़क निर्माण में पहले मजबूत आधार तैयार किया जाता है, लेकिन यहां इस प्रक्रिया की अनदेखी की जा रही है।
कई जगह से उखड़ने लगे गट्टू
स्थिति यह है कि कई स्थानों पर गट्टू अभी से निकलने लगे हैं, तो कहीं जमीन धंसती दिखाई दे रही है। कृषि विज्ञान केंद्र, जिला अस्पताल और अन्य क्षेत्रों में घटिया निर्माण के आरोप लग रहे हैं। कुछ जगहों पर गट्टू सड़क के समतल से नीचे लगाए गए हैं, जिससे बारिश में इनके धंसने और गड्ढे बनने की आशंका बढ़ गई है।
निर्माण एजेंसी और इंजीनियर पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि क्या बिना स्थल निरीक्षण के ही इस परियोजना का स्टीमेट तैयार किया गया? यदि बेस मजबूत करने का प्रावधान नहीं था, तो निर्माण एजेंसी को तकनीकी मानकों के अनुसार कार्य करने के निर्देश क्यों नहीं दिए जा रहे? यह भी आरोप है कि निर्माण कंपनी जल्दबाजी में काम निपटाने की कोशिश कर रही है।
सत्ताधारी और प्रशासन पर भी सवाल
इस पूरे मामले में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिक पूछ रहे हैं कि नगर पालिका, विधायक, सांसद और जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति से अवगत होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।
समय रहते सुधार नहीं हुआ तो बढ़ेगी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया, तो यह सड़क जल्द ही खराब हो सकती है और जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही, इसके लिए जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ही दोषी ठहराया जाएगा।
जनता ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि करोड़ों रुपए की इस परियोजना का लाभ वास्तव में लोगों को मिल सके।





