सिवनी में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन म.प्र. शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
यह मेला 9 से 11 अप्रैल 2026 तक सिवनी नगर के शासकीय कन्या उर्दू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होगा। मेले में स्थानीय पुस्तक एवं स्टेशनरी विक्रेताओं के साथ-साथ यूनिफॉर्म और सह-शैक्षणिक सामग्री के विक्रेता भी अपने स्टॉल लगाएंगे।
यहां छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री उचित दरों पर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अभिभावकों को अलग-अलग जगह भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री आसानी से खरीदें।


