सिवनी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों का आवंटन ई-टेंडर के माध्यम से किया जाएगा। जिला आबकारी विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 18 समूह बनाए गए हैं। इनमें से 6 समूहों की दुकानों की नीलामी प्रथम चरण में, जबकि शेष समूहों की नीलामी द्वितीय एवं तृतीय चरण में संपन्न होगी।
जिले में संचालित कुल 58 मदिरा दुकानों के लिए शासन ने 317 करोड़ 50 लाख रुपये का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया है। नीलामी प्रक्रिया ई-टेंडर एवं ई-ऑक्शन प्रणाली के तहत पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी।
इच्छुक आवेदक नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी म.प्र. आबकारी विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं। आबकारी विभाग ने बताया कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से तय समय-सीमा में संपन्न की जाएगी।




