सिवनी: कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के निर्देशन में जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अनाधिकृत व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बुधवार को गठित जांच दलों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 4 प्रतिष्ठानों में 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ एलपीजी (विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सिवनी स्थित अन्नपूर्णा स्नेक्स से 4 सिलेंडर, बरघाट में बालाजी रेस्टोरेंट एवं फैजल कैंटीन से 2 सिलेंडर, तथा लखनादौन में मिंटू ढाबा से 6 सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यवसाय संचालकों से अपील की है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।




