सिवनी: विकासखंड सिवनी की ग्राम पंचायत कातलबोड़ी में इन दिनों भ्रष्टाचार और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप सामने आ रहे हैं। पंचायत के सरपंच संतराम सनोदिया और जनपद सदस्य के पति परमू सनोदिया के बीच विवाद ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरपंच संतराम सनोदिया ने आरोप लगाया है कि जनपद सदस्य के पति परमू सनोदिया द्वारा पीएचई विभाग के सरकारी ट्यूबवेल (बोरवेल) पर अवैध कब्जा कर उसका निजी उपयोग किया जा रहा है। यह बोरवेल करीब दो साल पहले ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी जमीन पर स्थापित किया गया था।
आरोप है कि उक्त बोर का इस्तेमाल अब कृषि कार्य और घरेलू जरूरतों के लिए निजी तौर पर किया जा रहा है। सरपंच का कहना है कि इस संबंध में पीएचई विभाग के एसडीओ राजकुमार गभने को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं, सरपंच ने यह भी दावा किया कि मामले में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में नाप-जोख और पंचनामा की कार्रवाई भी हो चुकी है, इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों पर मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं।
दूसरी ओर, जनपद सदस्य पक्ष की ओर से भी सरपंच पर तालाब निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
पीएचई के एसडीओ राजकुमार गभने ने कहा है कि उन्हें हाल ही में मामले की जानकारी मिली है और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विद्युत विभाग के सहायक यंत्री प्रमोद सराठे ने भी जांच कराने की बात कही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।





