सिवनी अमानतों में 48.24 करोड़ की वृद्धि, ऋण वितरण में 93.04 करोड़ का इजाफा ; 4.37 करोड़ का वार्षिक लाभ
सिवनी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सिवनी की 114 वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन गत दिवस बैंक के मुख्यालय भवन में किया गया। वार्षिक आमसभा श्रीमती नेहा मीना, कलेक्टर एवं प्रशासक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सिवनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
आमसभा में बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक टेकाम, पूर्व संचालक मंडल सदस्य श्री रमेश तिवारी, श्री वेद सिंह ठाकुर, बैंक के समस्त अंशधारी सदस्य, श्री प्रफुल्ल लव्हे, सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएं सिवनी, श्री के.के. सोनी, बैंक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य लेखापाल सहित बैंक मुख्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, समिति प्रशासक एवं समितियों के बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वित्तीय स्थिति एवं उपलब्धियों पर चर्चा
वार्षिक आमसभा में बैंक के अंकेक्षित वित्तीय पत्रक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय (बजट) के पुनरीक्षण, वर्ष 2027-28 के अनुमानित आय-व्यय (बजट), वर्ष 2027-28 के वार्षिक कार्यक्रम तथा बैंक द्वारा अधिकतम कर्ज लेने की सीमा वर्ष 2027-28 के लिए निर्धारित किए जाने संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। बैंक की वित्तीय स्थिति का वाचन बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. सोनी द्वारा किया गया। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार बैंक द्वारा आलोच्य वर्ष में अमानतों में 48.24 करोड़, अंशपूंजी में 2.35 करोड़ तथा रक्षित एवं अन्य कोष में 2.18 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई।
इसी प्रकार ऋण वितरण में 93.04 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई तथा बैंक द्वारा 4.37 करोड़ का वार्षिक लाभ अर्जित किया गया।
कृषि ऋण वसूली 77.46 प्रतिशत
बैंक की कृषि ऋण वसूली की स्थिति भी आमसभा में प्रस्तुत की गई। जून 2026 तक कृषि ऋण की वसूली 77.46 प्रतिशत रही। वहीं इसी वित्तीय वर्ष में बैंक के एनपीए में 2.10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
2027-28 के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित
आमसभा में आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए बैंक की कार्ययोजना एवं लक्ष्यों पर भी चर्चा की गई। बैंक द्वारा आगामी वर्ष के लिए 860 करोड़ की अमानत, 1000 करोड़ का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण, सदस्यता में 6000 की वृद्धि तथा 85 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों के माध्यम से बैंक की वित्तीय गतिविधियों, कृषि ऋण व्यवस्था, सदस्यता विस्तार एवं ऋण वसूली
को और अधिक प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। आमसभा के समापन अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा सभी सम्माननीय अतिथि-गण एवं उपस्थित अंशधारियों का आभार व्यक्त किया गया।



