
सिवनी, 01 अगस्त 2026/ जिले में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं पात्र परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की पहल एवं मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को प्रधानमंत्री उत्कृष्ट शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी के ऑडिटोरियम हॉल में वृहद अनुकंपा नियुक्ति शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर लंबित प्रकरणों का विभागवार परीक्षण किया गया, जिससे आवेदकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
शिविर में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित 117 आवेदक उपस्थित हुए। इनमें जनजातीय कार्य विभाग के 46, शिक्षा विभाग के 27, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 17, राजस्व विभाग के 2, मत्स्य विभाग का 1, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 4, कृषि विभाग का 1, पशुपालन विभाग का 1, वन विभाग के 4, उद्यानिकी विभाग का 1, होमगार्ड विभाग का 1, नगरीय प्रशासन विभाग के 4, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का 1, मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन का 1, लोक निर्माण विभाग के 2, स्वास्थ्य विभाग के 2 तथा जल संसाधन विभाग के 2 प्रकरण शामिल रहे।
शिविर के दौरान विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं आवश्यक अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण की पात्रता, सेवा अभिलेख, उपलब्ध दस्तावेज तथा विभागों में उपलब्ध रिक्त पदों की स्थिति का परीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित उपलब्ध विकल्पों, नियुक्ति प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी गई।
