नगर पालिका सिवनी के सफाई विभाग की सच्चाई ,
(फ्रीलांसर जर्नलिस्ट जितेन्द्र सिंह सिवनी की रिपोर्ट)
सिवनी शहर के हृदय स्थल में स्थित वीर वटकेश्वर महादेव मंदिर, बारापत्थर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहवासी क्षेत्र इन दिनों नरक जैसी स्थिति से गुजर रहा है। भगवान भोलेनाथ के दरबार के ठीक सामने और आसपास की गलियों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो चुकी है। नालियां बजबजा रही हैं, जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, मच्छरों का आतंक है और दुर्गंध से रहवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। मंदिर के सामने ही गंदगी का साम्राज्य- वीर वटकेश्वर महादेव मंदिर, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं, वहीं मंदिर के सामने से गुजरने वाली नाली महीनों से साफ नहीं हुई है। सुबह पूजा करने आने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। रहवासियों का कहना है कि यह कैसी विडंबना है कि एक तरफ हम भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर को सजाते हैं, दूसरी तरफ नगर पालिका की लापरवाही के कारण मंदिर के बाहर ही गंदगी का अंबार लगा रहता है। बजबजा रही नालियां, फैल रहा रोग- हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की लगभग सभी गलियों की नालियां जाम हो चुकी हैं। नालियों में प्लास्टिक, कचरा, पत्तियां और मिट्टी भरी पड़ी है। स्थिति और भी भयावह हो गई है। नालियों का पानी उफान मारकर घरों के सामने आ रहा है। दुर्गंध इतनी तेज है कि लोग अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करके रहने को मजबूर हैं। रात में मच्छरों ने लोगों की नींद छीन ली है। रहवासियों को डेंगू, मलेरिया, टायफाइड और पेट की बीमारियों का डर सता रहा है। छोटे-छोटे बच्चे गंदगी में खेलने को मजबूर हैं। सबसे बड़ा आरोप - जहां कोई नहीं रहता, वहां हो रही सफाई- रहवासियों ने नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों पर एक बहुत ही गंभीर और चौंकाने वाला आरोप लगाया है। रहवासियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी उन गलियों और उन मकानों के सामने सफाई करते हैं, जहां कोई रहता ही नहीं है, जो मकान खाली पड़े हैं, जो प्लॉट खाली हैं। और जहां हम लोग रहते हैं, जहां 50-60 परिवार रहते हैं, वहां कई कई दिनों तक झाड़ू तक नहीं लगती। रहवासियों का आरोप है कि कर्मचारी सिर्फ खानापूर्ति करते हैं। सुबह आते हैं, खाली जगह पर झाड़ू मारकर फोटो खिंचवाते हैं और चले जाते हैं। शिकायत करने पर कहते हैं कि ऊपर से आदेश नहीं है, या फिर कहते हैं कि हमारी ड्यूटी यहां नहीं है। एक बुजुर्ग रहवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया हमने कई बार पार्षद को, नगर पालिका को, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। ऐसा लगता है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को नगर पालिका ने अपने नक्शे से ही हटा दिया है। महिलाओं की पीड़ा- कॉलोनी की महिलाओं ने बताया कि घर से निकलो तो रास्ते में ही गंदगी पैर में लग जाती है। उन्होंने कहा कि यह कैसा विकास है, जहां मंदिर के सामने ही सफाई नहीं हो पा रही है। रहवासीयों की प्रमुख मांगें- वीर वटकेश्वर महादेव मंदिर से लेकर पूरी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की नालियों की तत्काल गहरी सफाई कराई जाए। हर गली में नियमित झाड़ू और कचरा उठाने की व्यवस्था हो। नालियों पर ढक्कन लगाए जाएं ताकि मच्छर और दुर्गंध न फैले। सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर सार्वजनिक किया जाए, ताकि पता चले कि कौन कर्मचारी किस गली में कब आएगा।जहां कोई नहीं रहता वहां नहीं, बल्कि जहां लोग रहते हैं वहां पहले सफाई हो। नगर पालिका से अपील- रहवासियों ने नगर पालिका सिवनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और संबंधित वार्ड पार्षद से विनम्र अपील की है कि वे एक बार स्वयं आकर बारापत्थर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी समता नगर की स्थिति को अपनी आंखों से देखें। अगर वे 10 मिनट भी यहां की दुर्गंध में खड़े हो गए तो उन्हें हमारी पीड़ा समझ आ जाएगी। रहवासियों ने चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे नगर पालिका का घेराव करने और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्वच्छ भारत अभियान की बातें बड़ी-बड़ी की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि भगवान भोलेनाथ के मंदिर के सामने ही सफाई नहीं हो पा रही है। यह सिर्फ गंदगी का मामला नहीं है, यह लोगों के स्वास्थ्य और आस्था से जुड़ा मामला है। प्रशासन को अब आंखें खोलनी होंगी, वरना यह गंदगी किसी बड़ी बीमारी को जन्म दे सकती है।



