सिवनी में गूंजेंगी सुरों की महफिल अंताक्षरी के महासंग्राम में दांव पर 1.03 लाख के इनाम…51 हजार का पहला पुरस्कार देशभर के प्रतिभागियों के बीच होगी संगीत की भिड़ंत..दर्शकों की भी खुलेगी किस्मत लकी ड्रॉ में मिलेंगे आकर्षक उपहार…
गीतों की धुन, सुरों की चुनौती और फिल्मी ज्ञान का इम्तिहान… सिवनी में दो दिन तक संगीत का ऐसा संग्राम सजने जा रहा है जहां सिर्फ गाना ही नहीं बल्कि धुन पहचानने से लेकर फिल्मी सितारों और गायकों की पहचान तक प्रतिभागियों की प्रतिभा परखी जाएगी। राष्ट्रीय एम.एम. ग्रैंड अंताक्षरी प्रतियोगिता 2026 का आगाज आज 21 नवंबर से होने जा रहा है। जिला मनोरंजन समिति सिवनी के तत्वावधान में 21 एवं 22 नवंबर को एम.एम. ग्रैंड अग्रोहा, सेंट फ्रांसिस स्कूल के बाजू में लूघरवाड़ा में यह आयोजन होगा। दोनों दिन कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता में देशभर के संगीत प्रेमी और प्रतिभागी अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण 51 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार होगा। वहीं द्वितीय पुरस्कार 31 हजार और तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा 30 सांत्वना पुरस्कार भी प्रतिभागियों को दिए जाएंगे। इस तरह कुल 1 लाख 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मुकाबले को और दिलचस्प बनाएगी।
आयोजकों सल्लू अग्रवाल, पृथ्वीराज जगने, सुधीर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, कपिल पांडे, आशीष दुबे एवं उमेश मोदी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए पांच प्रारंभिक, छह सेमीफाइनल और आठ विशेष बजर राउंड तैयार किए गए हैं। यहां प्रतिभागियों को केवल गीत गाकर नहीं, बल्कि संगीत की धुन, फिल्म का नाम, हीरो-हीरोइन और गायक-गायिका पहचानकर भी अपनी क्षमता साबित करनी होगी।

