सिवनी। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल के प्रशासक माननीय श्री महेंद्र सिंह यादव की अध्यक्षता में 02 नवंबर 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सिवनी के मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, वित्तीय स्थिति, सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक टेकाम, पूर्व संचालक मंडल सदस्य श्री रमेश तिवारी, बैंक अंशधारी सदस्य श्री सुभाष यादव, श्री प्रफुल्ल लवाहे, सहायक आयुक्त सहकारी संस्थाएँ सिवनी श्री के.के. सोनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिले के सभी शाखा प्रबंधक एवं प्रधान कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैंक की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. सोनी द्वारा बैंक की वित्तीय उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि वित्तीय वर्ष के दौरान बैंक की अंशपूंजी में 2.18 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। अल्पकालीन ऋण वितरण एवं नवीन केसीसी वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्यों की पूर्ति की गई है। बैंक द्वारा 4.37 करोड़ रुपये का वार्षिक लाभ अर्जित किया गया है। दिनांक 30 सितंबर 2026 की स्थिति में बैंक के एनपीए में 2.96 प्रतिशत की कमी आई है। जिले की 57 बी-पैक्स समितियां कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रही हैं। बैंक विगत पांच वर्षों से लाभ की स्थिति में है तथा बैंक की संचित लाभ राशि 7.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
किसानों को ऋण एवं आधुनिक कृषि सुविधाओं का लाभ
बैठक में बताया गया कि किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद, पशुपालन के लिए पशुओं की खरीद, शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसल ऋण, मत्स्य पालन केसीसी तथा पशुपालन केसीसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त समितियों के माध्यम से धर्मकांटा, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन भी किया जा रहा है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिले की दो बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को एनसीडीसी (राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम) द्वारा पुरस्कृत किया गया है।
ऑनलाइन केसीसी, बचत खाते एवं व्यवसाय विविधीकरण पर जोर
समीक्षा बैठक में प्रशासक श्री यादव ने अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण, अमानत वृद्धि एवं लक्ष्य पूर्ति, कृषि ऋणों की मांग एवं वसूली, एनपीए एवं ओवरड्यूज, सदस्यता वृद्धि, ऑनलाइन केसीसी, नवीन बचत खाते खोलने, खाद भंडारण एवं वितरण तथा उपार्जन पोर्टल में ऋण प्रविष्टि की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही समितियों में व्यवसाय विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश
बैठक के दौरान श्री यादव ने समस्त शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र की ऋण वितरण समितियों एवं नवगठित समितियों की प्रगति पर विशेष ध्यान दें। शाखा प्रबंधक नियमित रूप से समितियों के अंतर्गत आने वाले ग्रामों का भ्रमण करें तथा समिति सदस्य किसानों को केसीसी ऋण व्यवस्था, खाद-बीज वितरण एवं अन्य सहकारी सुविधाओं की जानकारी दें।
उन्होंने किसानों से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं को समझने तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बैंक की वित्तीय सुदृढ़ता, किसानों को सहज ऋण सुविधा उपलब्ध कराने, सहकारी समितियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।


