सिवनी (मध्य प्रदेश): जिले के ग्राम बादलपार की निवासी आंचल श्रीवास ने कलेक्टर जनसुनवाई में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला उठाया है। करीब तीन साल पहले हुए एक दर्दनाक हादसे में वह 11 केवी हाईटेंशन लाइन के करंट से बुरी तरह झुलस गई थीं, लेकिन आज तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है।
पीड़िता के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह अपने घर के सामने काम कर रही थीं। अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उस समय आंचल गर्भवती थीं, जिसके कारण उनकी स्थिति और भी नाजुक हो गई थी।
घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए नागपुर ले जाया गया, जहां लंबे समय तक चले उपचार के बाद किसी तरह उनकी और उनके बच्चे की जान बचाई जा सकी।
इस हादसे ने आंचल की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। उन्होंने बताया कि इस कठिन समय में उनके पति ने भी उनका साथ छोड़ दिया। वर्तमान में वह अपने मायके में रहकर परिवार के सहारे जीवन यापन कर रही हैं।
आंचल श्रीवास का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से वह मुआवजे के लिए बिजली विभाग के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली। आर्थिक तंगी और शारीरिक पीड़ा से जूझ रही पीड़िता ने अब कलेक्टर से न्याय और उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।


