सिवनी। किसानों की समस्याओं को लेकर एक बड़ी पहल के तहत 2 अप्रैल को छिंदवाड़ा जिले के माचागोरा में किसान मजदूर पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस पंचायत में फसल जलने से प्रभावित किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
किसान संघर्ष समिति के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने सिवनी पहुंचकर प्रभावित किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को न्याय दिलाने के लिए संगठन पूरी मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण फसल नुकसान की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए प्रभावित किसानों को उनकी उत्पादन लागत का डेढ़ गुना मुआवजा मिलना चाहिए। इस संबंध में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग उठाई गई है।
इंद्रजीत सिंह ने सिवनी जिले के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में माचागोरा पहुंचकर पंचायत में भाग लें और अपनी आवाज को मजबूत करें। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर किसानों को उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज कराने के लिए निशुल्क कानूनी सहायता भी दी जाएगी।
इस पंचायत में देशभर से किसान और मजदूर संगठनों के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। दिनभर विचार-विमर्श के बाद प्रस्ताव पारित कर आगामी आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।
इस आयोजन को किसानों के हक और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


